मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सीमांत क्षेत्र मल्ला जोहार के 14 दुर्गम माइग्रेशन गांवों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में सैकड़ों ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
लास्पा, रिलकोट, मर्तोली, टोला, खिलाच, बुर्फू, बिल्जू, मिलम, गनघर, पाछ्छू, मापा, मपागं समेत अन्य माइग्रेशन गांवों में आयोजित शिविरों में चिकित्सकों ने वायरल बुखार, जुकाम तथा अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित लोगों की जांच कर उपचार किया। साथ ही ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए गए।जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मदकोट-मुनस्यारी एवं यूथ कांग्रेस डीडीहाट के जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने कहा कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब अंतिम छोर पर बसे लोगों तक सुविधाएं पहुंचें।उन्होंने जिला प्रशासन पिथौरागढ़ के अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग मुनस्यारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से दूरस्थ गांवों में स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन संभव हो सका। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को अपने गांवों में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें।





