नैनीताल: बेतालघाट कम्बल वितरण में भगदड़, शीलू कुमार व तारा भंडारी समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज… बेतालघाट में अवैध कार्यक्रम के दौरान दीवार ढही, 6 लोग घायल; पुलिस ने दर्ज किया मामला.. रिपोर्ट- (चंदन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर ” नैनीताल…

130

नैनीताल, 16 फरवरी।
बेतालघाट के मिनी स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने और स्टेडियम की दीवार ढहने की घटना में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, बाबा हेल्प देम फाउण्डेशन के मुख्य आयोजक एवं संस्थापक शीलू कुमार तथा तारा भंडारी निवासी बेतालघाट द्वारा “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” नामक कार्यक्रम बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति और स्थानीय थाना की स्वीकृति के आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 6000 लोगों को आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान लोकगायन के साथ कम्बल वितरण किया जा रहा था, लेकिन आयोजकों द्वारा भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। संचालन तारा भंडारी द्वारा किया जा रहा था।
बताया गया कि आयोजक शीलू कुमार के साथ नरेश पांडे व अन्य व्यक्तियों द्वारा अव्यवस्थित ढंग से कम्बल वितरण किए जाने से भारी भीड़ एक ही स्थान पर एकत्र हो गई। भीड़ का दबाव बढ़ने से स्टेडियम की दीवार ढह गई, जिससे 6 लोग घायल हो गए। इस लापरवाहीपूर्ण कृत्य से आमजन की जान जोखिम में पड़ गई तथा सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले का संज्ञान लेते हुए डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, के निर्देश पर वादी कुंदन कुमार (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा.र.द. अधिकारी, बेतालघाट) की तहरीर के आधार पर थाना बेतालघाट में धारा 125(क)(ख)/190/292 बीएनएस तथा धारा 3(2) लोक संपत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।