नैनीताल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पंत द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोरगलिया में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में उपस्थित गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों का स्वागत करते हुए बताया कि चोरगलिया पीएचसी को अब प्रसव केंद्र के रूप में विकसित कर दिया गया है। यहां तीन नर्सिंग अधिकारी एवं दो एएनएम की नियुक्ति की गई है, जिससे अब 24 घंटे प्रसव सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
सीएमओ ने बताया कि हल्द्वानी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में इसी प्रकार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच, टीबी स्क्रीनिंग, ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच, साथ ही कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीबी स्क्रीनिंग तथा निःशुल्क दवा वितरण किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों—ज्योति चौसाली, दीपक चौसाली, पूनम जागी, गीता बुधनी, नितेश बुधनी एवं गजेंद्र प्रसाद—ने चोरगलिया में 24 घंटे प्रसव सेवा शुरू होने पर स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, गर्भवती महिलाओं को समय पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने, बच्चों के समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं—जननी सुरक्षा योजना, ईजा बोई एवं परिवार कल्याण—की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही टीबी एवं एनसीडी (NCD) स्क्रीनिंग को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. हरीश पांडे (प्रभारी चिकित्सा अधिकारी), डॉ. त्रिलोक सिंह, डॉ. शांति चौहान, डॉ. जय माला, डॉ. निधि, डॉ. अरविंद पाठक, नर्सिंग अधिकारी चेतना, वर्तिका, पुष्पा, एएनएम रश्मि मिश्रा, ममता चुफाल, शिवानी, सीएचओ सोनू, लता, पूजा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बसंती, प्रताप बिष्ट, हरीश फुलेरिया, शबाना परवीन अंसारी (फार्मेसी अधिकारी) एवं दीवान बिष्ट (आईईसी अधिकारी) सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।






