कैंची धाम की सुरक्षा, नशे पर नियंत्रण और महिला सुरक्षा होंगी प्राथमिकता आईजी निवेदित कुकरेती कुमार… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

36
oplus_0

नैनीताल। कुमाऊँ रेंज की नव नियुक्त आईजी निवेदिता कुकरेती कुमार ने नैनीताल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपनी प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुमाऊँ मंडल में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, पुलिसिंग के आधुनिकीकरण, नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
आईजी ने बताया कि वह शीघ्र ही कैंची धाम का दौरा करेंगी, जहां जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व आयोजनों के अनुभवों के आधार पर एक प्रभावी सुरक्षा योजना तैयार की जाएगी। इसके लिए उपलब्ध पुलिस बल का विश्लेषण किया जा चुका है तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल की मांग भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराना है। साथ ही पुलिस व्यवस्था को अधिक आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत सीसीटीएनएस में हुए बदलावों, ई-प्रॉसिक्यूशन तथा ई-प्रिज़न जैसे डिजिटल पोर्टलों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

आईजी ने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की समस्या चिंता का विषय है और इस पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ पीड़ितों को उचित मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा, “मेरा कार्य जिलों के बीच एक सेतु की तरह समन्वय स्थापित करना है। मेरी कोशिश रहेगी कि कुमाऊँ मंडल में सभी इकाइयाँ इन विषयों पर प्रभावी ढंग से कार्य करें और समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।”
शैक्षणिक और प्रशासनिक पृष्ठभूमि
आईजी निवेदिता कुकरेती कुमार वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में स्नातक तथाजवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, से मध्यकालीन भारतीय इतिहास में एमए और एमफिल की उपाधि प्राप्त की।
उन्होंने बताया कि उनकी पहली स्वतंत्र तैनाती बागेश्वर में हुई थी, जहां उन्होंने लगभग एक वर्ष आठ माह तक सेवाएं दीं। इसके बाद उनकी तैनाती पौड़ी गढ़वाल में रही। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुलिस मुख्यालय में एसपी सीआईडी, एसएसपी इंटेलिजेंस तथा विशेष सचिव गृह जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया है। वर्तमान में उन्होंने आईजी कुमाऊँ रेंज का प्रभार ग्रहण किया है।
आईजी ने विश्वास जताया कि सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कुमाऊँ मंडल में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।