नैनीताल।
कैंची धाम स्थापना दिवस मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने भीमताल एवं बेतालघाट विकासखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार विद्यार्थियों एवं आमजन की सुविधा, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आदेश के तहत विकासखंड भीमताल एवं बेतालघाट में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार, 15 जून 2026 को अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक) तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को निर्देश दिए हैं कि आदेश की जानकारी संबंधित विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक समय पर पहुंचाई जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त क्षेत्रों में स्थित अन्य सभी शासकीय कार्यालय पूर्ववत संचालित रहेंगे तथा अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समयानुसार अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







