नैनीताल। भवाली कैंची क्षेत्र के व्यापारियों एवं होटल व्यवसायियों ने दो पुलिसकर्मियों द्वारा एक स्थानीय महिला के साथ कथित रूप से की गई अभद्रता और दुर्व्यवहार की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में व्यापारियों ने कहा कि पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की होती है। ऐसे में यदि उनके द्वारा किसी महिला के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
व्यापारियों और होटल व्यवसायियों ने एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए कहा कि हर वर्ष कैंची धाम मेले और अन्य विशेष अवसरों पर अतिरिक्त पुलिस बल के ठहरने के लिए स्थानीय होटल संचालकों पर कमरे उपलब्ध कराने का दबाव बनाया जाता है। उनका कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान सीमित कमरों वाले छोटे होटल व्यवसायियों को इससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, जिससे उनके व्यवसाय और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होने पर उनके आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था प्रशासन स्वयं करे तथा स्थानीय होटल व्यवसायियों पर किसी प्रकार का अनावश्यक दबाव न डाला जाए,
कैंची क्षेत्र के व्यापारी हमेशा प्रशासन के सहयोगी रहे हैं और आगे भी रहेंगे, लेकिन स्थानीय लोगों के सम्मान, सुरक्षा और व्यवसायिक हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान व्यापार मंडल एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों में अध्यक्ष धीरज तिवारी, महामंत्री पवन भट्ट, वरिष्ठ व्यापारी भुवन तिवारी, ग्राम प्रधान पंकज निगल्टिया तथा प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कुमाऊँ मंडल सह प्रभारी अखिलेश सेमवाल मौजूद रहे।







