नैनीताल  खुर्पाताल रोड पर टेम्पो ट्रैवलर खाई में गिरी, दो महिलाओं की मौत, 21 घायल… देखें पूरा वीडियो..रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

116

नैनीताल। कालाढूंगी-खुर्पाताल रोड पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मेरठ से आए यात्रियों से भरी टेम्पो ट्रैवलर सड़क से फिसलकर करीब 20 से 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि खुर्पाताल रोड पर फोर्स टेम्पो ट्रैवलर संख्या UP-15 FT-6795 दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है और कई यात्री वाहन में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में सवार सभी 29 यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान
नाजरीन (32 वर्ष) पत्नी शाकिर, निवासी मेरठ
फरद बेगम (लगभग 40 वर्ष) निवासी मेरठ
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी सहित पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
स्थानीय लोगों की तत्परता और राहत एजेंसियों के समन्वित प्रयास से बड़ा हादसा टल गया तथा वाहन में फंसे सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।