नैनीताल। श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर शनिवार को नैनीताल में सिख संगत द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन में स्थानीय संगत के अलावा बरेली, हल्द्वानी, रुद्रपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर माल रोड होते हुए तल्लीताल तक पहुंचा और वहां से पुनः गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। इस दौरान पालकी साहिब में विराजमान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगुवाई में संगत ने गुरबाणी का कीर्तन करते हुए नगर भ्रमण किया। श्रद्धालुओं ने मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।
आयोजकों ने बताया कि नैनीताल में हर वर्ष श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर नगर कीर्तन का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी को पूरे सम्मान, श्रद्धा और मर्यादा के साथ नगर भ्रमण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर भक्तों ने श्री गुरु अर्जुन देव जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, मानवता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अद्वितीय त्याग और बलिदान दिया। संगत को गुरु साहिब ने बताए की सही मार्ग पर चलने, नाम सिमरन करने और जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाने का संदेश दिया गया।
नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण गुरबाणी एवं सतनाम-वाहेगुरु के जयघोषों से भक्तिमय बना रहा।







