नैनीताल। हल्द्वानी मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम स्कूल में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल परिसर का एक बड़ा हिस्सा धुएं और लपटों से घिर गया। आग की चपेट में आने से स्कूल परिसर में खड़ी दो बसें तथा जनरेटर भी जलकर राख हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की एक बस बाहर से परिसर में पहुंची थी। पार्किंग में खड़े किए जाने के कुछ ही देर बाद बस में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलती हुई पास में खड़ी दूसरी बस और जनरेटर तक पहुंच गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट अथवा बस में तकनीकी खराबी की जताई जा रही है।
गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल में कोई छात्र-छात्रा मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।







