नैनीताल। संगीत नाटक अकादेमी द्वारा वंदे मातरम् राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 15 जुलाई को राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि देशभर के लगभग 150 स्थानों पर एक ही दिन और एक ही समय शाम छह बजे देशभक्ति विषयक नाटकों का मंचन किया जाएगा।महाकवि कालिदास जयंती के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य राष्ट्रभाव को सशक्त करना है। कार्यक्रम देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित होगा, जिसमें 39 से अधिक भाषाओं एवं बोलियों में करीब 150 नाटकों का मंचन होगा।
इन प्रस्तुतियों में 4,000 से अधिक रंगकर्मी भाग लेंगे। आधुनिक रंगमंच के साथ-साथ लोकनाट्य, नुक्कड़ नाटक और पुतुल (कठपुतली) जैसी लोक विधाओं की भी प्रस्तुति दी जाएगी।इसी क्रम में प्रयोगांक नैनीताल की ओर से 15 जुलाई (बुधवार) को शाम 6 बजे राम सेवक सभा, मल्लीताल के प्रांगण में देशभक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक ‘हम भी देशभक्त’ का मंचन किया जाएगा। नाटक का लेखन उमेश कांडपाल ‘सोनी’ ने किया है, जबकि निर्देशन रोहित वर्मा कर रहे हैं।नाटक में मुकेश धस्मान, नीरज डालाकोटी, मदन मेहरा, उमेश कांडपाल, रोहित वर्मा, पवन कुमार, नासिर अली, पंकज रंधावा और गौरव कुमार अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।



