24.55 करोड़ की सबसे ऊंची बोली के साथ एमजी इंफ्रा को मिला लेक ब्रिज चुंगी संचालन का जिम्मा… 21 माह तक करेगी संचालन, पालिकाध्यक्ष बोलीं— चुंगी से होने वाली आय से वार्डों में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार…. रिपोर्ट: (सुनील भारती ) “स्टार खबर”नैनीताल

92
Oplus_16908288

नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल की बहुप्रतीक्षित लेक ब्रिज चुंगी की निविदा प्रक्रिया मंगलवार को संपन्न हो गई। बारा पत्थर, फांसी गधेरा और तल्लीताल चुंगी के संचालन के लिए आमंत्रित टेंडर में कुल चार फर्मों ने हिस्सा लिया। इनमें एमजी इंफ्रा, नोएडा ने 24 करोड़ 55 लाख 5 हजार 555 रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर ठेका अपने नाम कर लिया।
निविदा प्रक्रिया के अनुसार परिधि ने 22 करोड़ रुपये, नवीन अग्रवाल ने 21 करोड़ रुपये तथा कोहली की ओर से भी 21 करोड़ रुपये की बोली प्रस्तुत की गई। सबसे अधिक बोली लगाने वाली एमजी इंफ्रा को आगामी 21 माह के लिए चुंगी संचालन का अधिकार दिया गया है।
टेंडर खोलने की पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई, जिसमें उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक भी उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने कहा कि चुंगी से प्राप्त होने वाले राजस्व का उपयोग नगर के विकास कार्यों में किया जाएगा। उनके अनुसार वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्रत्येक वार्ड को विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे और अगले वर्ष भी इतनी ही राशि देने की योजना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे पालिका की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, कर्ज का बोझ कम होगा और शहर में विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।