नैनीताल। उत्तराखंड अशासकीय प्रधानाचार्य परिषद, जिला नैनीताल के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिले के नवनियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जिले की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही विद्यालयों के समग्र विकास के लिए बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी ने परिषद के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शिक्षा विभाग अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालयों के उन्नयन के लिए और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
भेंटवार्ता के दौरान विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में परिषद के महासचिव भगवान सिंह सामंत, मनोज कुमार पाण्डे, बिशन सिंह मेहता, तारा बोरा, शबनम अहमद, सीमा बर्गली, फरहत, पुष्पा गोस्वामी तथा नरेन्द्र कोरंगा शामिल रहे।







