नैनीताल। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के तहत बुधवार को नैनीताल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया, प्रेस वार्ता आयोजित हुई और इसके बाद नैनीताल क्लब से मल्लीताल पंत पार्क तक पदयात्रा निकालकर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन नेगी के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों के समर्थन में हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी और कथित अभद्र व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने इसे छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि छात्रों और कांग्रेस नेताओं के साथ हुई घटना के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस अवसर पर रामनगर के पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने राज्य और केंद्र सरकार पर रोजगार, शिक्षा और निवेश के मुद्दों पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन के दावे धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, शिक्षा के व्यावसायीकरण और शिक्षण संस्थानों के बंद होने को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया।
प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाना चाहती है, जबकि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छीमवाल, पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र पाल, पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, सभासद जितेंद्र पांडे, अंकित चंद्रा, मनोज मंगाई, पूर्व युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव संजय कुमार, त्रिभुवन फर्तियाल, सूरज पांडे, नीरज कन्याल, ललित सावंत, सुमित लोहानी, सचिन आर्य, पवन जाटव, आशीष कबड़वाल, अमन महेंद्र, अमन जाटव, मीमांसा आर्य, अर्जुन रौतेला, नीरज कुमार, खस्ती बिष्ट, मोहित बिष्ट, सचिन कुमार, प्रशांत जोशी, राजेंद्र कोटलिया, सुनीता, मुन्नी तिवारी, गीता मंडल, कंचन सहदेव, दीपक कुमार ‘भोलू’, कंचन सुयाल, हर्षवर्धन नोलिया, शिवम बजाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







