नैनीताल में नंदा देवी राजजात-2027 की तैयारियां शुरू… धार्मिक व सामाजिक संगठनों के साथ बनी कार्ययोजना… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

17

 

नैनीताल। वर्ष 2027 में प्रस्तावित विश्व प्रसिद्ध श्री नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर नैनीताल में गतिविधियां तेज हो गई हैं। हिमालयी सचल महाकुंभ की सर्वोच्च केंद्रीय आयोजन समिति एवं श्री नंदा देवी राजजात समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल ने दो दिवसीय नैनीताल प्रवास के दौरान धार्मिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और महिला समूहों के साथ लगातार बैठकें कर यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत मंथन किया।
बैठकों में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्ष 2027 की राजजात यात्रा को सफल बनाने के लिए अभी से व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू किया जाए। इस दौरान लोगों में 280 किलोमीटर लंबी और दुर्गम धार्मिक पदयात्रा को लेकर विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। नैनीताल आगमन पर भुवन नौटियाल का श्री राम सेवक सभा मल्लीताल, मां नैना देवी मंदिर समिति, विधायक सरिता आर्या, राज्य मंत्री भावना मेहरा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया।
भुवन नौटियाल ने कहा कि आठवीं शताब्दी से गढ़वाल के राजा द्वारा प्रत्येक 12 वर्ष में नौटी गांव स्थित श्री नंदा देवी मंदिर से राजजात यात्रा का शुभारंभ होता है। आज भी कांसुवा गांव के राजवंश के प्रतिनिधि इस परंपरा का निर्वहन करते हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा में गढ़वाल और कुमाऊं से 500 से अधिक देवडोलियां, छंतोलियां, ध्वज और निशान शामिल होते हैं। यह विश्व की अनूठी धार्मिक यात्रा है, जिसमें भगवती नंदा को मायके से कैलाश विदा करने की परंपरा निभाई जाती है।
उन्होंने बताया कि नैनीताल से मां नैना देवी का ध्वज अल्मोड़ा होते हुए राजजात यात्रा में शामिल होने की गौरवशाली परंपरा रही है। उन्होंने श्री राम सेवक सभा और मां नैना देवी मंदिर समिति से यात्रा मार्ग, पड़ावों, आधारभूत सुविधाओं और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान किया।विधायक सरिता आर्या ने कहा कि वह इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी से चर्चा करेंगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही अधिकारियों को यात्रा के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दे चुके हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता हरीश सिंह राणा ने कहा कि मां नंदा उत्तराखंड की कुलदेवी हैं और देश-विदेश के श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।श्री राम सेवक सभा मल्लीताल में आयोजित पहली बैठक में अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश चंद्र बवाड़ी, पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, विमल चौधरी, डॉ. मोहित सनवाल, गोधन सिंह, मोहित साह और आनंद बिष्ट सहित कई लोग मौजूद रहे। इसके बाद राज्य अतिथि गृह नैनीताल क्लब में विधायक सरिता आर्या, राज्य मंत्री भावना मेहरा और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
महिला संगठनों की बैठक में अमिता साह, जीवंती भट्ट, मंजू रौतेला, दया बिष्ट, तारा राणा, मीनू बुधलाकोटी, कविता गंगोला, हेमलता पांडे और मीरा बिष्ट सहित अनेक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठकों का संचालन अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरीश सिंह राणा ने किया। इस अवसर पर केपी सती, गोपाल रावत, नितिन कार्की, अरविंद पड़ियार, मयंक पंत, रितुल कुमार, युवराज करायत, पंकज भट्ट, चेतन बिष्ट, जयवर्धन कुमार तथा विभिन्न युवा संगठनों और कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्रसंघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।