डेटा अपडेट में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई: सीएमओ…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

23

नैनीताल। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने एनसीडी, एचएमआईएस और निश्चय पोर्टल पर समयबद्ध डेटा अपडेट करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पोर्टलों पर डेटा अपडेट करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।शुक्रवार को शिविर कार्यालय हल्द्वानी से वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सीएमओ ने सभी ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों और जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (डीपीएमयू) के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।सीएमओ ने कहा कि सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) अपने-अपने क्षेत्रों में लक्षित लाभार्थियों की ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जांच समयबद्ध रूप से पूरी करें तथा जांच का पूरा विवरण पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिदिन इसकी समीक्षा और मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए, ताकि एनसीडी स्क्रीनिंग के लक्ष्य समय पर पूरे हो सकें।बैठक में गर्भवती महिलाओं की निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया। सीएमओ ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गर्भवती महिला का बर्थ प्लान तैयार किया जाए, नियमित फॉलोअप हो तथा समयानुसार सभी आवश्यक जांचें शत-प्रतिशत पूरी कराई जाएं। उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों पर विशेष निगरानी रखने और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।डॉ. रश्मि पंत ने आभा आईडी (ABHA ID) निर्माण अभियान की समीक्षा करते हुए प्रत्येक ब्लॉक को सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर अधिक से अधिक नागरिकों की आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपंकर डेनियल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, जिला डाटा प्रबंधक पंकज तिवारी सहित डीपीएमयू के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।