कुमाऊँ विश्वविद्यालय के नए कुलसचिव बने प्रो. रजनीश पाण्डे, संभाला कार्यभार… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

28

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय में कुलसचिव पद रिक्त होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंतरिम व्यवस्था के तहत वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. रजनीश पाण्डे को कुलसचिव का कार्यभार सौंप दिया है। उन्होंने शुक्रवार अपराह्न विधिवत पदभार ग्रहण कर प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा की तथा समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी कार्यप्रणाली पर जोर दिया।
विश्वविद्यालय की ओर से 31 जुलाई को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार उत्तरांचल राज्य विश्वविद्यालय (केन्द्रीयकृत) सेवा नियमावली, 2006 के प्रावधान 20(6) के तहत प्रो. पाण्डे को उनके मूल दायित्वों के अतिरिक्त कुलसचिव के कार्यों का दायित्व सौंपा गया है।
गौरतलब है कि पूर्व कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मनराल द्वारा माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेश के अनुपालन में स्वयं को 12 मई 2026 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त मानने संबंधी पत्र देने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक, परीक्षा एवं शैक्षणिक कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न आए, इसके लिए कुलपति ने यह अंतरिम व्यवस्था लागू की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. पाण्डे ने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और विकासात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
प्रो. रजनीश पाण्डे वर्तमान में विश्वविद्यालय में कला संकायाध्यक्ष और अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष हैं। इसके अलावा वे योग, शिक्षा एवं मनोविज्ञान पाठ्यक्रमों के संयोजक भी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन में उनका लंबा अनुभव रहा है और वे कुमाऊँ विश्वविद्यालय के प्रथम परीक्षा नियंत्रक भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में परीक्षा प्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई थीं।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने विश्वास जताया है कि प्रो. पाण्डे के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, परीक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को नई गति मिलेगी तथा कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी होगी।