मल्लीताल-तल्लीताल ‘नो हॉर्न जोन’ घोषित, पहले चेतावनी, फिर होगा चालान.. पांच स्थानों पर लगेंगे ऑडियो रिकॉर्डिंग कैमरे, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

42

नैनीताल। शहर की प्राकृतिक शांति और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने मल्लीताल-तल्लीताल क्षेत्र में ‘नो हॉर्न’ नियम के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी शुरू कर दी है। अभियान के शुरुआती चरण में वाहन चालकों और आमजन को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम नवाज़िश खालिक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य टैक्सी, फोर व्हीलर और टू व्हीलर चालकों समेत आम नागरिकों को जिला प्रशासन के आदेशों के प्रति संवेदनशील बनाना है। शुरुआत में लोगों को नियमों की जानकारी देकर उनका पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। यदि जागरूक किए जाने के बाद भी कोई चालक प्रतिबंधित क्षेत्र में अनावश्यक हॉर्न बजाता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद तल्लीताल डांट से मल्लीताल रिक्शा स्टैंड और मस्जिद तिराहे तक पांच स्थानों पर ऑडियो रिकॉर्डिंग कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से अनावश्यक हॉर्न बजाने वाले वाहनों की रिकॉर्डिंग होगी। रिकॉर्डिंग के आधार पर कंट्रोल रूम से संबंधित वाहन स्वामियों के ई-चालान जारी किए जाएंगे।
पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नैनीताल की शांत और स्वच्छ पहचान बनाए रखने में सहयोग करें। तल्लीताल डांट से मल्लीताल रिक्शा स्टैंड और मस्जिद तिराहे तक घोषित शांत क्षेत्र में अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें और निर्धारित नियमों का पालन करें। इससे शहर में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के साथ प्राकृतिक वातावरण भी सुरक्षित रहेगा।