नैनीताल। रोटरी क्लब नैनीताल के तत्वावधान में 9 अगस्त को चैरिटी दौड़ का आयोजन किया जाएगा। सुबह 7:30 बजे मां नयना देवी मंदिर प्रांगण से शुरू होने वाली इस दौड़ में नैनीताल क्षेत्र के विभिन्न इंट्रैक्ट क्लबों के सदस्यों समेत सभी वर्ग और आयु वर्ग के करीब 200 धावक प्रतिभाग करेंगे।
दौड़ मां नयना देवी मंदिर प्रांगण से शुरू होकर ठंडी सड़क होते हुए फांसी गधेरे तक पहुंचेगी। इसके बाद धावक वापस लौटकर मां नयना देवी मंदिर के सामने दौड़ पूरी करेंगे। दौड़ के शुभारंभ के लिए सह जिलाधिकारी नवाजिश को आमंत्रित किया गया है।
रोटरी क्लब नैनीताल की ओर से यह चैरिटी दौड़ प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है। इस वर्ष इंट्रैक्ट क्लब के सदस्यों की भागीदारी के साथ आयोजन का उद्देश्य चैरिटी से प्राप्त धनराशि के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करना है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए ब्लैक बोर्ड समेत अन्य शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने में भी धनराशि का उपयोग किया जाएगा।
रोटरी क्लब ने नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों, संस्थाओं के सदस्यों और धावकों से अधिक से अधिक संख्या में दौड़ में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।





