माल रोड के काम में देरी पर पुनीत टंडन का धरना जारी, बोले—लिखित आश्वासन के बिना नहीं हटूंगा… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

2
Oplus_16908288

नैनीताल। नैनीताल की माल रोड की बदहाल स्थिति और लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य को लेकर नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन का धरना शनिवार को भी जारी रहा।

टंडन ने निर्माण कार्य में हो रही देरी, लगातार बढ़ रही दरारों और प्रोजेक्ट, बढ़ाए जाने पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से स्पष्ट जवाब मांगा है।
पुनीत टंडन ने कहा कि धरने की तारीख पहले से निर्धारित थी और 15 अगस्त की तारीख प्रशासन की ओर से ही कार्य पूर्ण करने के लिए दी गई थी। इसके बावजूद निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को बारिश और कांवड़ यात्रा समेत सभी परिस्थितियों का आकलन कर कार्य पूरा करने की समयसीमा तय करनी चाहिए थी।
उन्होंने माल रोड के निर्माण कार्य का स्कोप लगातार बढ़ाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर एक छोटे से पैच के काम में बार-बार विस्तार की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि एक साल से काम चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद क्रैक्स बढ़ते जा रहे हैं। उनके अनुसार, यदि काम सही ढंग से हुआ होता तो नई दरारें नहीं आतीं।
टंडन ने अपर माल रोड की स्थिति को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि अपर माल रोड को किसी प्रकार का नुकसान होता है तो इसका सीधा असर शहरवासियों, व्यापारियों और नैनीताल आने वाले पर्यटकों पर पड़ेगा। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में जवाबदेही किसकी होगी।
उन्होंने कहा कि माल रोड नैनीताल की पहचान और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।पुनीत टंडन ने स्पष्ट किया कि वह केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर धरना समाप्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन उनकी शर्तों पर गंभीरता से विचार करे और उन्हें लिखित आश्वासन दे। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें अंदर से यह भरोसा नहीं होगा कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होगी, तब तक वह धरने से नहीं हटेंगे।
उन्होंने कुमाऊं आयुक्त के पूर्व में किए गए निरीक्षणों का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार निरीक्षण की बात होने के बावजूद उन्हें अभी तक काम में अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में किस आश्वासन के आधार पर वह अपना धरना समाप्त करें।टंडन ने प्रशासन से माल रोड और अपर माल रोड की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता, बढ़ाए गए कार्यक्षेत्र और उसकी आवश्यकता की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।