मशरूम यूनिट के भ्रमण से स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हुईं प्रेरित… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

8

मशरूम यूनिट के भ्रमण से स्वयं सहायता समूह की महिलाएं हुईं प्रेरित…

रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

नैनीताल। सीआरएसटी इंटर कॉलेज की मशरूम उत्पादन इकाई का गुरुवार को रामगढ़, भीमताल और हल्द्वानी विकासखंडों के 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान महिलाओं ने मशरूम उत्पादन की तकनीक, विभिन्न प्रजातियों और उत्पाद के विपणन से जुड़ी जानकारी हासिल की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडे ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए मशरूम उत्पादन के प्रारंभिक चरणों की जानकारी दी। उन्होंने ऑडियो-वीडियो माध्यम से मशरूम उत्पादन की विस्तृत प्रक्रिया समझाई। साथ ही तैयार उत्पाद के लिए बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार के रूप में मशरूम उत्पादन को अपनाने पर चर्चा की।
वरिष्ठ शिक्षक डॉ. एसएस बिष्ट ने विद्यालय की इकाई में उत्पादित होने वाली मशरूम की विभिन्न प्रजातियों और उनके उत्पादन की बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मशरूम उत्पादन कम लागत में स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बन सकता है।
यह पहल जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर शुरू की गई है। जिलाधिकारी ने सीआरएसटी इंटर कॉलेज की मशरूम उत्पादन इकाई की सराहना करते हुए स्वयं सहायता समूहों को इकाई का भ्रमण कराने की सलाह दी थी। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा का सहयोग मिल रहा है।पद्मश्री अनूप साह की पहल से शुरू हुई यह मशरूम उत्पादन इकाई अब स्वरोजगार की दिशा में नई राह दिखा रही है। विद्यालय के छात्र भी इकाई में मशरूम उत्पादन की बारीकियां सीख रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार आने वाले समय में यूनिट को और आधुनिक एवं विस्तृत किया जाएगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें।
इस अवसर पर एरिया कोऑर्डिनेटर विक्रम सिंह, लता सुयाल, विनीता आर्या, सविता रावत, गीता रावत, चंद्रा देवी, गंगा देवी, गणेश दत्त लोहनी, रितेश साह और मनीष साह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।