नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के नवनियुक्त कुलपति एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के वर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘भारत गौरव पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान 31 अगस्त 2026 को देहरादून में प्रदान किया गया।
प्रो. बिष्ट की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार के साथ ही पूरे उत्तराखंड में हर्ष और गौरव का माहौल है। विशेष उपलब्धि यह है कि प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट उत्तराखंड में कुलपति के रूप में ‘भारत गौरव पुरस्कार’ प्राप्त करने वाले प्रथम व्यक्ति बने हैं।
शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय प्रो. बिष्ट ने अपने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ अनुसंधान, नवाचार, विद्यार्थी हित, अकादमिक गुणवत्ता और संस्थागत विकास को निरंतर बढ़ावा दिया है। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।सम्मान मिलने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों ने प्रो. बिष्ट को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को दोनों विश्वविद्यालयों के साथ ही पूरे उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण बताया।
शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने प्रो. बिष्ट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां युवाओं को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।







