नैनीताल। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की सियासत गरमाने लगी है। भवाली निवासी समाजसेवी शीलू कुमार ने शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने शीलू कुमार और उनके समर्थकों को कांग्रेस में शामिल कराया।
शीलू कुमार की कांग्रेस में एंट्री के बाद नैनीताल विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके समर्थकों की सक्रियता और क्षेत्र में पिछले कुछ समय से बढ़ी राजनीतिक गतिविधियों को आगामी चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। बेतालघाट में उनकी एक सभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बाद भी वह चर्चा में आए थे।
इधर, कांग्रेस में नैनीताल सीट से टिकट के लिए पीसी गोरखा, मीमांसा आर्य और जिशान्त कुमार सिंकू समेत अन्य नाम भी चर्चा में हैं। ऐसे में शीलू कुमार के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी के भीतर टिकट को लेकर समीकरण और रोचक हो गए हैं। हालांकि प्रत्याशी चयन को लेकर अभी पार्टी की ओर से कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कांग्रेस नैनीताल विधानसभा सीट पर किस चेहरे पर दांव लगाती है। शीलू कुमार की नई राजनीतिक पारी चुनावी समीकरणों को कितना प्रभावित करेगी, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।



