नैनीताल। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज धानाचुली में बुधवार को राजकीय शिक्षक संघ धारी की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या और विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र उर्फ नानू ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में समां बांध दिया। कार्यक्रम के स्थलीय संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पी. कुमार ने कहा कि शिक्षक संघ की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षक समाज और विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। सेवानिवृत्त शिक्षक संगठन और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान उनकी प्रतिभा को पहचान देने के साथ ही उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। सम्मान मिलने से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होता है।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी शुभम वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा, जेपी पंत सहित शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



