डीएसबी छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर एबीवीपी और निर्दलीय प्रत्याशी आमने-सामने.. आमसभा में प्रत्याशियों ने किया शक्ति प्रदर्शन, छात्र समस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…

48
oplus_0

 

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए सोमवार को प्रचार का अंतिम दिन रहा। आमसभा में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी जीत के दावे किए। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रत्याशी शुभम कुमार और निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप के बीच मुकाबला प्रमुख रूप से चर्चा में रहा। दोनों प्रत्याशियों ने चुनाव जीतने पर छात्र-छात्राओं की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का भरोसा दिलाया।

आमसभा के दौरान परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। चुनाव को लेकर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार मतदान के दौरान बिना परिचय पत्र के परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

●पानी, वॉशरूम और प्लेसमेंट का मुद्दा उठाया..

एबीवीपी प्रत्याशी शुभम कुमार ने कहा कि निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों सहित कई छात्रों का उन्हें समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि परिसर में पानी और वॉशरूम जैसी मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान की जरूरत है।

कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए प्लेसमेंट और इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी के रूप में पिछले चार वर्षों में जिन समस्याओं का सामना किया है, उन्हें दूसरे विद्यार्थियों को न झेलना पड़े, इसके लिए प्रयास करेंगे।

●पांच साल से छात्र हितों में सक्रिय होने का दावा..

निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप ने अपने संगठन ‘काला झंडा’ के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2021 से छात्र हितों के मुद्दों पर सक्रिय हैं और कई बार छात्रसंघ चुनाव में प्रत्याशियों के साथ रहे हैं। उन्होंने अपने पक्ष में डीएसबी परिसर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन होने का दावा किया।

उन्होंने कहा कि इस बार ‘काला झंडा’ की जीत होगी।कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रो. ललित तिवारी के अनुसार मतदान सुबह शुरू होकर दोपहर दो बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। प्रशासन ने चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं।