राष्ट्रीय ड्रोन शिविर में उत्तराखंड का परचम, तीन श्रेणियों में हासिल की उपलब्धि… कुमाऊं विश्वविद्यालय के दो कैडेट्स ने किया प्रदेश का प्रतिनिधित्व.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

62

 

 

नैनीताल। तमिलनाडु में आयोजित ऑल इंडिया इंटर डायरेक्टरेट ड्रोन कैम्प-2026 में एनसीसी के उत्तराखंड निदेशालय ने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। 23 अक्टूबर से तीन नवंबर तक आयोजित इस शिविर में उत्तराखंड की टीम ने तीन प्रमुख उपलब्धियां हासिल कीं। शैक्षणिक प्रदर्शन में पहला, नवाचार श्रेणी में दूसरा और समग्र प्रदर्शन में तीसरा स्थान प्राप्त किया।राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर में देशभर के एनसीसी निदेशालयों के कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड निदेशालय को शैक्षणिक श्रेणी में प्रथम स्थान मिलने पर ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, नवाचार के क्षेत्र में दूसरा और शिविर की ओवरऑल रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल कर टीम ने अपनी तकनीकी क्षमता का परिचय दिया।
इस शिविर में कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के दो कैडेट्स ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। इनमें आईटीईपी विभाग की लीडिंग कैडेट नेहा छिमवाल और एमएससी प्रथम वर्ष के पेटी ऑफिसर कैडेट अमन कुमार शामिल रहे। दोनों कैडेट्स के प्रदर्शन और सक्रिय भागीदारी ने प्रदेश की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
शिविर में ड्रोन तकनीक के व्यावहारिक उपयोग, तकनीकी ज्ञान, शैक्षणिक गतिविधियों और नए प्रयोगों पर विशेष जोर दिया गया। उत्तराखंड निदेशालय की उपलब्धि कैडेट्स की तकनीकी दक्षता, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) सतपाल सिंह बिष्ट ने दोनों कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि ड्रोन तकनीक भविष्य में रक्षा, आपदा प्रबंधन, कृषि और पर्यावरण संरक्षण सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ उनके व्यावहारिक कौशल और नवाचार की क्षमता को भी विकसित करते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं एनसीसी अधिकारी प्रो. (ले.) रीतेश साह ने कहा कि ड्रोन तकनीक आने वाले समय की महत्वपूर्ण जरूरत बनने जा रही है। एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों को ऐसी तकनीकों का प्रशिक्षण मिलना उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।
इस उपलब्धि पर एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राकेश रावत, निदेशक प्रो. संजय पंत, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. चंद्रकला रावत, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट और अशोक उप्रेती ने भी कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं।