
हल्द्वानी। नगर निगम ने शहर में घर-घर से कूड़ा उठान व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्ती शुरू कर दी है। अब सभी कूड़ा वाहनों को निर्धारित रूट और तय समय के अनुसार ही वार्डों में पहुंचना होगा। मंगलवार को नगर निगम सभागार में कूड़ा वाहन चालकों की बैठक लेते हुए वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कई वार्डों में कूड़ा वाहन समय पर नहीं पहुंचने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे लोगों को घरों का कूड़ा देने में परेशानी होती है। अब प्रत्येक वाहन को अपने निर्धारित क्षेत्र में रोजाना तय समय पर पहुंचना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति रूट बदलने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. टोलिया ने चालकों को घरों से सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्र करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दोनों प्रकार के कूड़े को एक साथ मिलाने से निस्तारण में परेशानी होती है। इसलिए वाहनों में बने अलग-अलग हिस्सों में ही कूड़ा डाला जाए। इसके लिए आम लोगों को भी जागरूक किया जाएगा।बैठक में वाहन चालकों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। इस पर अधिकारियों ने खराब वाहनों की मरम्मत जल्द कराने का आश्वासन दिया। डॉ. टोलिया ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्था की नियमित निगरानी और निरीक्षण किया जाएगा। वहीं बेहतर कार्य करने वाले चालकों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा।






