Home उत्तराखंड देवीधुरा में प्रोजेक्ट बियोंड एजुकेशन ने जगाई बच्चों में नई ऊर्जा, प्रतियोगिताओं...
देवीधुरा/ चम्पावत। यूकेसी एजुकेशन फाउंडेशन नवी मुंबई के प्रोजेक्ट बियोंड एजुकेशन के तहत मां बाराही धाम देवीधुरा स्थित योगेश जोशी मेमोरियल शिव शक्ति पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के संयोजक कैलाश उदय चंद ने बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैलाश उदय चंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजमोहन ने पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। शिक्षक रणजीत सिंह एवं उप प्रधानाचार्या गीता जोशी ने भी अतिथि का सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और कुमाऊंनी छोलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।प्रतियोगिताओं के तहत प्राथमिक एवं जूनियर वर्ग में भाषण, वाद–विवाद, पोस्टर और नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें स्वच्छता, आदर्श विद्यालय, मोबाइल फोन का बढ़ता इस्तेमाल, नशा मुक्ति, जंक फूड के फायदे–नुकसान और पर्यावरण संरक्षण जैसे समसामयिक विषय शामिल रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता और विचार क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्राथमिक वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में गर्वित चम्याल, आराध्या बोहरा और काजल बिष्ट ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में इशिका, दिव्या और गुंजन अव्वल रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में आराध्या-काजल, आशीष-पंकज और कौशल-तन्मय की टीमों ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में वंदना-मनीषा, गुंजन-दिव्या और महक-दिव्या चम्याल की टीमों ने स्थान हासिल किए। पोस्टर प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में काजल, बबीता और जितेंद्र तथा जूनियर वर्ग में खुशी चम्याल, भावना और खुशी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। नाटक प्रतियोगिता में कक्षा आठ की छात्राओं की टीम प्रथम, कक्षा सात की छात्राओं की टीम द्वितीय तथा वंदना और मनीषा तृतीय स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि कैलाश उदय चंद ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भविष्य में भी संस्था की ओर से विद्यालय में शिक्षापयोगी कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मनीष चंद, रणजीत सिंह, कृष्ण चंद्र, रमेश राम, प्रमोद कुमार, हिमांशु मिश्रा, रेनू, नंदी, गीता जोशी, मीरा और भावना रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेश कुमार के मार्गदर्शन में छात्र इधान्त जोशी और साक्षी नेगी ने किया।
error: