भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को देर रात पुलिस ने हिरासत में लिया…. परिजनों ने लगाए मारपीट और अभद्रता के आरोप… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…

168
Oplus_16908288

नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को देर रात नैनीताल और भवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने उनके आवास से हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट, अभद्रता और गिरफ्तारी की प्रक्रिया का पालन नहीं करने का दावा किया।

नरेश पांडे के परिजनों ने आरोप लगाया कि देर रात तीन-चार पुलिस वाहनों के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और जबरन उनके पति को अपने साथ ले गए। उनका कहना है कि पुलिस ने गिरफ्तारी से संबंधित कोई दस्तावेज या नोटिस नहीं दिखाया और न ही कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने घर में मौजूद महिलाओं और अन्य परिजनों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। उनका यह भी दावा है कि मौके पर महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं तथा अधिकारी सिविल ड्रेस में कार्रवाई कर रहे थे।
परिजनों ने कहा कि परिवार ने हर बार पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया है। उनके अनुसार इससे पहले भी पुलिस पूछताछ के लिए नरेश पांडे को ले गई थी और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। इसके बावजूद इस बार जिस तरह से देर रात कार्रवाई की गई, उससे परिवार भयभीत है।

उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन पर भरोसा नहीं रहा और राजनीतिक दबाव में कार्रवाई किए जाने का संदेह है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान उनकी मां, बेटे और नाबालिग बेटी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हुए। परिजनों का कहना है कि घटना के वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं।

परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पुलिस ही उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार करेगी तो वे न्याय के लिए किसके पास जाएं।
हालांकि, इन सभी आरोपों पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नही आई है।