नैनीताल, संवाददाता। मौसम विभाग की ओर से नौ जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में गुरुवार को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में नौ जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नौ जुलाई (गुरुवार) को अवकाश रहेगा।
डीएम ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







