ज्योलिकोट में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी तेज, 194 लोगों की जांच.. स्वास्थ्य शिविरों में 133 और पीएचसी में 61 लोगों का परीक्षण, चार मरीज भर्ती…. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

10

नैनीताल।ज्योलिकोट और आसपास के जलजनित रोग प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रश्मि पंत के निर्देश पर बुधवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 133 लोगों की जांच की गई। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। गंभीर लक्षण मिलने पर चार मरीजों को उपचार के लिए भर्ती किया गया।
स्वास्थ्य शिविरों में जांच के साथ लोगों को आवश्यक दवाएं, ओआरएस और जिंक की गोलियां वितरित की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को जलजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वच्छ पानी के इस्तेमाल और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।पीएचसी ज्योलिकोट में जांच के दौरान 48 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं। सभी नमूनों को आवश्यक जांच के लिए भेज दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए सचल चिकित्सा वाहन से भी जांच और दवा वितरण जारी है। बुधवार को वाहन नैना गांव और मनोरा गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
अस्पताल से उपचार के बाद घर लौटे मरीजों और उनके स्वजन की भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें काउंसलिंग कर रही हैं। टीमों ने लोगों से पानी उबालकर या सुरक्षित तरीके से शुद्ध करने के बाद ही पीने की अपील की। साथ ही उल्टी, दस्त, बुखार, कमजोरी या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने को कहा गया है।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य टीमों को प्रभावित व आसपास के क्षेत्रों में नियमित निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण, दवा वितरण और जागरूकता अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।