नैनीताल। मीनाक्षी प्रकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के समीप नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया। विभागीय कार्रवाई के दौरान दुकान बंद मिली। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ कथित रूप से बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने की शिकायत सामने आई थी।
प्रकरण का संज्ञान लेते हुए सीएमओ डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट ने संबंधित स्थल का निरीक्षण कराया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बेस चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंची और 24 वर्षीय मीनाक्षी की मौत से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी जुटाई।
अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार मीनाक्षी को चिकित्सालय लाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे ब्रॉट डेड यानी मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचना दर्ज किया था। स्वास्थ्य विभाग ने मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की तथ्यात्मक जांच करते हुए उपलब्ध अभिलेखों और अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सीएमओ ने जनपद में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले व्यक्तियों और अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं वैध चिकित्सकीय योग्यता रखने वाले चिकित्सकों अथवा अधिकृत स्वास्थ्य संस्थानों का ही रुख करें। विभाग का कहना है कि इससे मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।







