दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स का फैसला वापस ले पालिका, नहीं तो होगा आंदोलन: अनुपम कबड्वाल… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

50

नैनीताल। पूर्व अध्यक्ष नगर कांग्रेस कमेटी, नैनीताल अनुपम कबड्वाल ने नगर पालिका परिषद द्वारा दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूलने के निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है और इससे शहर की छवि भी प्रभावित होगी।
कबड्वाल ने कहा कि नैनीताल हाईकोर्ट, मंडल एवं जिला मुख्यालय, कुमाऊँ विश्वविद्यालय सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों का केंद्र है। ऐसे में दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने से छात्र-छात्राओं, व्यापारियों, सरकारी कर्मचारियों, होटलों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि इस निर्णय से पर्यटन गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने पालिका के इस तर्क पर भी सवाल उठाया कि नैनीताल जिले के UK-04 पंजीकरण वाले वाहनों से शुल्क नहीं लिया जाएगा। कबड्वाल ने कहा कि जिले के अंतर्गत आने वाले रामनगर के UK-19 पंजीकरण वाले वाहन क्या अपने ही जिले में बाहरी माने जाएंगे? यह व्यवस्था भेदभावपूर्ण और अव्यावहारिक है।
पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नगर पालिका पहले ही पार्किंग और टोल शुल्क में भारी वृद्धि कर जनभावनाओं की अनदेखी कर चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पालिका ने जनहित में दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूली का निर्णय शीघ्र वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी पालिका प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।