टोल टैक्स के विरोध में भाजपा का पालिका पर हमला, पुतला फूंका.. स्थानीय लोगों से वसूली बंद करने और टेंडर रद्द करने की मांग, निर्णय वापस न होने पर कोर्ट जाने की चेतावनी… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

29
oplus_2

नैनीताल। नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा दोपहिया एवं अन्य वाहनों से प्रस्तावित टोल टैक्स वसूली के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने पालिका प्रशासन का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पालिका पर मनमानी, भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णय लेने का आरोप लगाते हुए टोल टैक्स व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष हरीश राणा ने कहा कि नगर पालिका शहरवासियों और पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं देने में विफल रही है, जबकि हर स्तर पर केवल वसूली का अभियान चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की सफाई व्यवस्था बदहाल है, नालियां और जलनिकासी व्यवस्था जर्जर है, माल रोड क्षतिग्रस्त है तथा शहर में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इसके बावजूद पालिका लगातार नए शुल्क लगाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि शहर में अधिकांश विकास कार्य राज्य और केंद्र सरकार करा रही हैं, ऐसे में पालिका को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह जनता से भारी शुल्क क्यों वसूल रही है।

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया ने कहा कि पहले से ही यूजर चार्ज के नाम पर लोगों से धन लिया जा रहा था, अब टोल टैक्स के माध्यम से दोपहिया वाहनों से 100 रुपये, स्थानीय चारपहिया वाहनों से 200 रुपये तथा बाहरी वाहनों से 300 रुपये वसूले जा रहे है। उन्होंने कहा कि पार्किंग शुल्क भी अत्यधिक रखा गया है, जिससे पर्यटन प्रभावित हो रहा है । उन्होंने कहा पालिका के निर्णय सबसे अधिक मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर बोझ डालेंगे।

उन्होंने पालिका अध्यक्ष पर शत्रु संपत्ति के आवंटन को लेकर भी सवाल उठाते हुए पूरे बोर्ड से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका करोड़ों रुपये की वसूली कर रही है, लेकिन कूड़ा प्रबंधन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए संसाधनों की कमी का हवाला देती है।
इस दौरान विधायक सरिता आर्या ने कहा कि टोल टैक्स का निर्णय बिना पालिका बोर्ड की बैठक में चर्चा किए लिया गया है, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की निजी बाइक और स्कूटी से भी शुल्क लेना न्यायसंगत नहीं है। उनका आरोप था कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विधायक सरिता आर्या ने टोल टैक्स का निर्णय तत्काल वापस लेने, टेंडर निरस्त करने तथा पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो भाजपा न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। इस दौरान
मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, मनोज जोशी, प्रकाश आर्य , आशीष बजाज, विक्रम राठौर, विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक भारत सिंह मेहरा, जीवंती भट्ट, ज्योति ढोंडियाल, कविता गंगोला कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनहित में टोल टैक्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग दोहराई।