नैनीताल। कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को नैनीताल स्थित आयुक्त सभागार में स्वास्थ्य विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक कर मंडल के सभी जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों को हर समय कार्यशील रखने तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन (टीबी) कार्यक्रम की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। आयुक्त ने कहा कि टीबी उन्मूलन केंद्र सरकार की प्राथमिक योजनाओं में शामिल है। उन्होंने टीबी मरीजों की समय पर स्क्रीनिंग और नोटिफिकेशन सुनिश्चित करने, फील्ड स्तर पर संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने तथा खराब मशीनों की शीघ्र मरम्मत और रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मानसून के मद्देनजर दीपक रावत ने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि आशा और एएनएम कार्यकर्ता नियमित रूप से गर्भवती महिलाओं के संपर्क में रहें तथा संभावित प्रसव तिथि से पहले उन्हें सुरक्षित रूप से अस्पताल या निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि आपात स्थिति में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।आयुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यक्ति तक प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित करे और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।







