नैनीताल। क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने सोमवार को जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के आग्रह पर बार भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बार भवन के निर्माण एवं सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए अपनी विधायक निधि से 2.50 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
बार भवन पहुंचने पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, सचिव संजय सुयाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने विधायक का स्वागत एवं अभिनंदन किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने बार भवन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
अधिवक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विधायक सरिता आर्या ने बार भवन के निर्माण कार्य के लिए विधायक निधि से ढाई लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। उनके इस निर्णय का अधिवक्ताओं ने स्वागत करते हुए इसे बार एसोसिएशन के लिए महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट एवं सचिव संजय सुयाल ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से बार भवन के विकास कार्यों को गति मिलेगी। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।







