नैनीताल। डीएसबी परिसर में 29 सितंबर को प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर शुक्रवार को पुलिस–प्रशासन और छात्रनेताओं की बैठक हुई। बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र अधिष्ठाता कल्याण विभाग के अधिकारियों ने भी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने छात्रनेताओं को स्पष्ट किया कि चुनाव प्रचार के दौरान लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन अनिवार्य होगा। निर्धारित चुनावी खर्च की सीमा से अधिक धनराशि खर्च करने, जाति या धर्म आधारित प्रचार सामग्री लगाने, लाउडस्पीकर के अनुचित इस्तेमाल और परिसर में बाहरी लोगों की सक्रियता को नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ कार्रवाई के साथ नामांकन निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान डीएसबी परिसर में प्रवेश व्यवस्था सख्त रहेगी। वैध परिचय पत्र के बिना किसी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बाहरी लोगों की मौजूदगी पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
बैठक का संचालन प्रो. ललित तिवारी ने किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रेवाधर मठपाल, सीओ अंजना नेगी, प्रभारी परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत, प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. शिवांगी, डॉ. निधि वर्मा समेत विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।







