काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास की अगली इबारत युवा लिखेंगे। प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा, नई सोच और कुछ कर गुजरने का जज्बा है। यही ऊर्जा विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से मेहनत, पढ़ाई और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक छात्र-छात्राओं से संवाद किया।
विद्यार्थियों ने युवा आयोग, उत्तराखंड के विकास, अग्निवीर योजना, साइबर अपराध, भ्रष्टाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समेत विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के विचार सुनने से उन्हें विश्वास हुआ है कि उत्तराखंड का भविष्य सक्षम हाथों में है।
●रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े, ऐसा बनेगा उत्तराखंड..
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो। प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को जॉब सीकर के साथ जॉब क्रिएटर बनने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। 
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर और संसाधन उपलब्ध करा सकती है, लेकिन सफलता में बदलने की जिम्मेदारी युवाओं की है। उत्तराखंड के युवा देश-दुनिया के बड़े मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं।धामी ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है और वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। स्टेम लैब, विज्ञान एवं नवाचार गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक सीख को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल नीति और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधुनिक दौर की महत्वपूर्ण तकनीक है। यह चुनौती के साथ युवाओं के लिए बड़ा अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती तकनीक से खुद को जोड़ने और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में हो रहे नए शोधों से परिचित रहने की सलाह दी।
अग्निवीरों के भविष्य से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके भविष्य को लेकर सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल गठित किया जा रहा है। युवा आयोग के संबंध में उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को शिक्षा पूरी करने के बाद रोजगार के अवसरों तथा सरकारी सेवाओं से जोड़ने में मदद करना है।
●रिश्वत मांगे तो 1064 पर करें शिकायत..
भ्रष्टाचार पर छात्रा प्रभजोत के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कोई काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो टोल फ्री नंबर 1064 अथवा संबंधित मोबाइल एप पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की जांच के लिए विशेष टीमें कार्रवाई करती हैं।मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सीखने और आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्ति को लक्ष्य तक पहुंचा सकती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं। युवाओं की मेहनत और सोच ही देवभूमि को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति समेत अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







