कैंची धाम की भीड़ से भवाली में थमा यातायात… गांधी जयंती व वीकेंड पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब… भीमताल से कैंची धाम तक घंटों जाम..

34
Oplus_16908288

 

नैनीताल। गांधी जयंती के अवकाश और वीकेंड के चलते शुक्रवार को कैंची धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में निजी वाहनों के पहुंचने से भवाली, भीमताल और कैंची धाम के बीच यातायात का दबाव बढ़ गया। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात की रफ्तार थम गई। श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी घंटों जाम की परेशानी झेलनी पड़ी।

भीमताल से कैंची धाम तक यातायात कई स्थानों पर बेहद धीमा रहा। कई यात्रियों के अनुसार उन्हें तीन घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। यातायात प्रभावित होने का असर अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, धारचूला और हल्द्वानी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ा।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस और यातायात कर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। बढ़ते दबाव को देखते हुए निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर शटल सेवा से कैंची धाम भेजने की व्यवस्था की गई। नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सैनिटोरियम पार्किंग, जबकि हल्द्वानी-भीमताल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भीमताल विकास भवन पार्किंग निर्धारित की गई है।

 

●दो से चार अक्टूबर तक डायवर्जन..

पुलिस की ओर से दो से चार अक्टूबर तक सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक विशेष यातायात और रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। यातायात दबाव बढ़ने पर भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को रामगढ़-खुटानी मार्ग से भेजने तथा पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को क्वारब-रामगढ़-नथुवाखान बाईपास की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था रखी गई है।

●पहले भी लग चुकी है कई किलोमीटर लंबी कतार..

कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ का असर इससे पहले भी भवाली-खैरना हाईवे पर दिखाई दे चुका है। सितंबर में एक सप्ताहांत के दौरान एक दिन में 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने से कैंची धाम, भवाली और खैरना क्षेत्र में कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई थी। लगातार बढ़ रहे श्रद्धालुओं के दबाव के बीच स्थानीय लोगों ने पार्किंग और यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता जताई है।