वन्यजीव संरक्षण का संदेश लेकर निकली रैली, 200 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

7

नैनीताल। वन्य प्राणी सप्ताह-2026 के तहत शनिवार को दूसरे दिन नैनीताल में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। रैली में विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर वन्यजीवों की सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित क्विज में विद्यार्थियों ने वन्यजीवों से जुड़े सवालों का उत्साहपूर्वक जवाब दिया।

जीबी पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान एवं नैनीताल वन प्रभाग के अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित रैली को पंत पार्क मल्लीताल से उप निदेशक स्वाति और उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चे वन्यजीवों की वेशभूषा में शामिल हुए। विद्यार्थियों के हाथों में वन्यजीव संरक्षण से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां थीं। रैली पंत पार्क से प्राणी उद्यान तक पहुंची। इसमें क्लीन नैनीताल और कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति के सदस्यों ने भी भागीदारी की।इसके बाद प्राणी उद्यान परिसर में क्विज प्रतियोगिता कराई गई। पहले चरण में विद्यार्थियों से वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। इसके आधार पर चयनित छह विद्यालयों के प्रतिभागियों के बीच मौखिक क्विज का दूसरा चरण हुआ। प्रोजेक्टर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के उत्तर प्रतिभागियों ने दिए।

प्रतियोगिता में लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल ने पहला, मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर ने दूसरा और बिशप शॉ कॉलेज ने तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय और राधा चिल्ड्रन एकेडमी को सांत्वना पुरस्कार मिला। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 20 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

वन्य प्राणी सप्ताह के तहत राजकीय इंटर कॉलेज मौना से पहुंचे 25 विद्यार्थियों को प्राणी उद्यान का निश्शुल्क भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राणी उद्यान के बायोलॉजिस्ट अनुज कांडपाल ने किया। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल सहित वन विभाग एवं प्राणी उद्यान के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।